ठियोग (रामपुर बुशहर)। शिमला में 10 साल बाद नगर निगम के चुनाव पार्टी सिंबल पर होने जा रहे हैं। वर्तमान सुक्खू सरकार के समय का यह महत्वपूर्ण चुनाव माना जा रहा है। छोटा शिमला महत्वपूर्ण वार्ड है, जो मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का अपना वार्ड है।
वर्तमान में यहां से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र चौहान मुख्यमंत्री के करीबी और मेयर पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। छोटा शिमला की बतौर सहप्रभारी की जिम्मेदारी ठियोग ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष कंवर नरेंद्र सिंह को दी गई है। गौर हो कि कंवर नरेंद्र सिंह के अध्यक्षीय कार्यकाल में ठियोग विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने अपनी खोई प्रतिष्ठा को रिकार्ड मतों के साथ पुन: वापिस पाया है।
कंवर एक जुझारू कांग्रेस नेता है और पूर्व में कुलदीप राठौर के साथ बतौर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ बतौर युकां प्रदेश उपाध्यक्ष कार्य कर चुके हैं। कांग्रेस संगठन के लिए लगातार 1992 से छात्र नेता, युवा नेता सहित पार्टी के विभिन्न विभागों लीगल सैल और पंचायतीराज संगठन इत्यादि में भी महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। शिमला में कांग्रेस, भाजपा, कम्युनिस्ट पार्टी और आम आदमी पार्टी के अलावा विभिन्न वार्डों से निर्दलीय भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पानी, बिजली, सफाई और बंदरों की समस्या सहित शहर का विकास प्रमुख मुद्दे हैं। चुनावों के एलान के बाद भाजपा ने अचानक प्रदेश अध्यक्ष बदलकर राजीव बिंदल पर दाव खेला है। कांग्रेस भी इस चुनाव को लेकर गंभीर है, अब देखना है कि ऊंट किस करवट बैठता है।