रोहड़ू। राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले की चौथी संध्या शाम-ए-गजल के नाम रही है। रोहड़ू मेले पर पहली बार कमेटी द्वारा शाम-ए-गजल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गायक डाॅ. विनोद गंधर्व ने अपनी प्रस्तुतियों से महफिल में समां बांधा।
उन्होंने अपने गीतों और गजलों से श्रोताओं को जमकर आनंदित किया। गजलों की महफिल यूं बंधी की एसडीएम रोहड़ू सन्नी शर्मा और एसडीएम जुब्बल राजीव सांख्यान भी गजलों को गुनगुनाने से खुद को रोक नहीं पाए। गजल गायक डाॅ. विनोद गंधर्व ने हंगामा है क्यों बरपा थोड़ी सी जो पी ली है..., तुमको देखा तो ये ख्याल आया..., आपको देखकर देखता रह गया..., यूं तो क्या क्या नजर नहीं आता...,खामोश लब है झुकी हे पलकें..., अगर मुझसे महोब्बत है..., ए हुसन बेपरवाह तुझको क्या कहुं..., जिस रोज से देखा है उसका..., जिंदगी और कुछ भी नहीं तेरी मेरी कहानी है और चुपके चुपके रात दिन आंसू बहाना याद है सहित कई गजलों की प्रस्तुति दी। गजलों को सुनकर लोग जमकर झूमते रहे।
शाम-ए-गजल में तबले पर इमरान खान, गिटार पर पंडित रतन प्रेम और वायलन पर यूनिस खान ने साथ दिया। इस मौके पर एसडीएम कोटखाई चेतना खंडवाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका, व्यापार मंडल अध्यक्ष जगमोहन भावटा और पार्षद जितेंद्र चौहान भी उपस्थित रहे।