एंबुलेंस चलाकर किया सफल ट्रायल, मरीजों को आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचाने में नहीं होगी परेशानी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
करसोग (मंडी)। करसोग क्षेत्र की मतेहल पंचायत में नवनिर्मित कांगर से बहान सड़क मार्ग का एसडीएम राजकुमार की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने एंबुलेंस चलाकर सफल ट्रायल किया। उसके बाद छोटे वाहनों के लिए सड़क को पास किया गया। कांगर से बहान गांव तक क्षेत्र के लोगों को सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए लगभग 1.5 किमी लंबे सड़क मार्ग का निर्माण किया है। इसका सोमवार को प्रशासनिक टीम ने ट्रायल करवाया।
सड़क का निर्माण ब्लॉक कार्यालय के माध्यम से किया गया है। सड़क मार्ग को एंबुलेंस के सफल ट्रायल के बाद छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए पास कर दिया गया है। कांगर-बहान एंबुलेंस सड़क बनने से मरीजों को आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचाने में मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा। सड़क ट्रायल के दौरान स्वास्थ्य विभाग के एंबुलेंस चालक जोगिंद्रपाल ने एंबुलेंस को चलाकर बहान गांव तक पहुंचाई। ट्रायल के दौरान एसडीएम करसोग राज कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सुरेश चंदेल सहित टीम के अन्य अधिकारी एंबुलेंस में बैठकर कांगर से बहान गांव पहुंचे। जहां स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने सड़क को पास करने के लिए उपमंडल प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। इस मौके पर एसडीएम करसोग ने बांण भगवती मंदिर में शीश नवाया और माता का आशीर्वाद भी लिया। एसडीएम करसोग राजकुमार ने बताया कि सड़क पर छोटे वाहन चलाने के लिए ट्रायल सफल रहा है।