किन्नौर जिले के कंडार जंगल में भडक़ी आग से करोड़ों की वन संपदा को पहुंची क्षति। संवाद
कई वन्य जीवों को भी आग की चपेट में आने की आशंका
आग से फैला धुआं, सांस के मरीजों की बढ़ीं दुश्वारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)।
किन्नौर के कंडार गांव के जंगलों में भीषण आग ने करोड़ों की वन संपदा को राख कर दिया है। बीते कुछ घंटों से आग से धधक रहे जंगल के कारण पूरे क्षेत्र में धुएं के गुबार छा गए हैं, जिससे न केवल दृश्यता कम हो गई है, बल्कि आसपास के गांवों के ग्रामीणों को सांस लेने में भी दिक्कत आ रही है। जंगल में सूखी घास और झाड़ियों में तेज हवाओं ने आग की लपटों को और भड़का दिया। इस आग से क्षेत्र की बहुमूल्य वन संपदा और दुर्लभ जड़ी-बूटियां जलकर राख हो गई हैं। आशंका जताई जा रही है कि कई वन्य जीव भी आग की चपेट में आ गए हैं। आग से बेशकीमती वन संपदा बर्बाद हो गई है। वन विभाग को सूचना मिलने के बाद भी राहत कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कंडार गांव की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां और कठिन चढ़ाई दमकल कर्मियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर पारंपरिक तरीकों से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आग की तीव्रता के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। नाथपा के प्रधान आरपी नेगी युल्लाम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि आग तेजी से रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ सकती है। हमें तत्काल अतिरिक्त संसाधनों, आधुनिक उपकरणों और विशेष दमकल टीमों की आवश्यकता है, ताकि शेष वन संपदा और वन्य जीवों को बचाया जा सके। बहरहाल, पूरा क्षेत्र धुएं की चादर में लिपटा हुआ है और ग्रामीण प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।