खो-खो में खरगा स्कूल ने मारी बाजी, डीम की टीम रही दूसरे स्थान पर
. कबड्डी और वॉलीबाल के सेमीफाइनल मुकाबले आज
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)।
शहीद डोला राम उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नित्थर में खंड स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और खो-खो के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल मुकाबले में निरमंड की टीम ने रंदल को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। कबड्डी प्रतियोगिता में वीनस पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल नित्थर की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। कबड्डी और वॉलीबॉल के सेमीफाइनल मुकाबले वीरवार को खेले जाएंगे। दूसरे दिन का आकर्षण खो-खो के मुकाबले रहे। इसमें राजकीय माध्यमिक विद्यालय खरगा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि डीम की टीम दूसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में खंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे अंडर-19 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। वीरवार को कबड्डी और वॉलीबॉल के सेमीफाइनल मुकाबलों में टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिलेगा।