कोटला-ज्यूरी इंजीनियरिंग कॉलेज में जागरूकता सत्र आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। महात्मा गांधी राजकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय कोटला-ज्यूरी में बुधवार को भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) मुंबई ने ओसीईएस/डीजीएफएस-2027 कार्यक्रम के तहत जागरूकता एवं मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया। इसमें यांत्रिक और सिविल इंजीनियरिंग शाखाओं के तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष के करीब 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बीएआरसी मुंबई के वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार और हितेश जोशी ने विद्यार्थियों को परमाणु अनुसंधान के क्षेत्र में कॅरिअर की संभावनाओं, पात्रता मानदंड और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने ओसीईएस/डीजीएफएस कार्यक्रम के माध्यम से अनुसंधान के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के बारे में भी बताया। संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों को परमाणु विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान में इंजीनियरिंग स्नातकों की भूमिका समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम का समन्वय भौतिक विज्ञान के सहायक आचार्य सुनील शर्मा ने किया, जबकि रसायन विज्ञान के सहायक आचार्य डॉ. विकास भारती ने सहयोग दिया। महाविद्यालय के कार्यवाहक निदेशक डॉ. अमितेश शर्मा ने बीएआरसी के वैज्ञानिकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के साथ ज्ञान और अनुभव साझा करने के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समन्वयक और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की।