रामपुर बुशहर। मदद की गुहार लेकर पुलिस थाना रामपुर पहुंची एक महिला ने पुलिस पर ही मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस में जब महिला की कोई सुनवाई नहीं हुई तो महिला एसडीएम के पास पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। महिला ने उसके साथ मारपीट करने वाली महिला पुलिस कर्मी पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाने की मांग की है।
एसडीएम रामपुर को सौंपे शिकायत पत्र में सुमन ठाकुर, पत्नी रविंद्र ठाकुर, गांव रचोली, डाकघर खनेरी, तहसील रामपुर ने कहा कि 12 अगस्त को वह अपने पड़ोसी दीपक द्वारा प्रताड़ित करने की शिकायत लेकर पुलिस थाना रामपुर पहुंची थी। पुलिस ने उसकी शिकायत सुनने के बजाय उसे उल्टा धमकाना शुरू कर दिया। इतने में एक महिला पुलिस कर्मी आई और उसके साथ मारपीट करने लगी। पुलिस कर्मी महिला को उसकी मां के सामने पुलिस थाने के एक कमरे में घसीट कर ले गई और उसके पेट में लात घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। यही नहीं महिला पुलिस ने उसका गला दबाया, फोन तोड़ा। मारपीट के दौरान पेट में आंतरिक चोटें आई हैं, लेकिन अस्पताल के तैनात डॉक्टर भी उसे प्रताड़ित करने लगा। इसके बाद महिला उपमंडलाधिकारी रामपुर सुरेंद्र मोहन के पास पहुंची। महिला ने उपमंडलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है और अस्पताल में तैनात डॉक्टर अभिषेक और महिला पुलिस कर्मी रेखा पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से इसको लेकर मामला दर्ज करने का भी मुद्दा उठाया है। उधर, एसडीएम ने महिला को उचित कार्रवाई अमल में लाने का आश्वासन दिया है।