रोहड़ू। खड़ापत्थर में वीरवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रोगी कल्याण समिति जुब्बल की बैठक की। बैठक में जुब्बल अस्पताल की समस्याओं और कार्यों की समीक्षा की गई। खंड चिकित्सा अधिकारी डाॅ. संजय आनंद और डॉ. सुनीश चौहान मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया कि जुब्बल अस्पताल को जल्द ईसीजी और आरवीजी मशीनें उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन मशीनों की खरीद के लिए मंजूरी प्रदान की गई। साथ ही मंत्री ने एक्सरे मशीन को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए। साथ ही सर्दी के मौसम के चलते मरीजों की सुविधा के लिए हीटर, कंबल आदि के प्रबंध करने और पानी की टंकियों को साफ रखने के निर्देश दिए। डॉ. सुनीश चौहान ने आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। बैठक में अस्पताल में मरीजों को अधिक सुविधा मुहैया करवाने के लिए जरूरी उपकरणों और मशीनों की स्थिति को सुधारने व मशीनों की संख्या को बढ़ाने पर भी चर्चा की गई। शिक्षा मंत्री ने बताया कि जुब्बल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। जुब्बल में इस समय विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों को लाभ हो रहा है। इस संस्थान की स्थिति को बेहतर करने की दिशा में निरंतर प्रयत्नशील हैं। उन्होंने खंड अस्पताल के अधिकारियों एवं अन्य कर्मचारियों को रोगी कल्याण समिति की ओर से अर्जित धनराशि को संतुलित और विवेकपूर्ण ढंग से उपयोग करने के निर्देश भी दिए। इसके बाद मंत्री ने जुब्बल-कोटखाई की विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। साथ ही लोक निर्माण विभाग के उच्चाधिकारियों से भी महत्वपूर्ण बैठक की। मंत्री रोहित ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों और भवनों के पुनर्निर्माण और मरम्मत के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएं। बैठक में उपमंडल एसडीएम गुरमीत नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता प्रमोद उप्रेती सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
खड़ापत्थर में लोगों से मिलते शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर। संवाद