रिपोर्ट आने के बाद यात्रा के आयोजन को लेकर होगा अंतिम फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। कुल्लू जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्रीखंड महादेव यात्रा मार्ग की वस्तुस्थिति का जायजा लेने के लिए संयुक्त समिति रवाना हुई है। उम्मीद जताई जा रही है कि बुधवार को समिति अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है। श्रीखंड महादेव यात्रा ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम निरमंड जगदीप सिंह राठौर ने बताया कि यात्रा मार्ग की वर्तमान स्थिति का पुन: आकलन करने के लिए एक संयुक्त समिति का गठन किया गया है। समिति को 19 जुलाई को श्रीखंड महादेव यात्रा मार्ग के निरीक्षण के लिए रवाना किया गया है, जिसकी रिपोर्ट 22 जुलाई तक मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद श्रीखंड महादेव यात्रा ट्रस्ट की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें सभी पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद समिति की रिपोर्ट ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा को भेजी जाएगी। यात्रा का संचालन किया जाए या नहीं, इस संबंध में अंतिम निर्णय जिला प्रशासन की ओर से ही लिया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि यात्रा मार्ग पर धारा 163 अभी भी प्रभावी है और सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि जिला प्रशासन के आधिकारिक निर्णय से पहले श्रीखंड महादेव यात्रा पर जाने का प्रयास न करें।