आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक युवाओं को मिलेगा मौका, सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होंगे साक्षात्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
क्षेत्र के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए हिमालयन हेल्थ, एनवायरनमेंट एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी (एचएचईएसडब्ल्यूएस) हिम रक्षक, आनी की ओर से 4 नवंबर को विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। भारद्वाज जॉब प्रोवाइडर एंड कॅरिअर कंसल्टेंट के सहयोग से यह मेला हिमालयन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आनी में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। इसमें 1000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को अवसर मिलने की उम्मीद है। रोजगार मेले में फार्मा और नॉन-फार्मा कंपनियों के अलावा प्रोडक्शन, क्वालिटी एश्योरेंस, क्वालिटी कंट्रोल और पैकिंग जैसे क्षेत्रों में भर्ती की जाएगी। आईटीआई, डिप्लोमा, बी.फार्मा, डी.फार्मा, बीएससी, बीकॉम सहित अन्य स्नातक अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकेंगे। इसके अलावा अप्रेंटिसशिप, टेलीकॉलिंग और मोहाली में बीपीओ क्षेत्र की नौकरियों के लिए भी अवसर उपलब्ध होंगे। बीपीओ के कुछ पदों के लिए हिंदी और अंग्रेजी बोलने वाले अभ्यर्थियों की आवश्यकता रहेगी। मेले में मोरपेन फार्मा, आईवीएम फार्मा, वाड्स फार्मास्यूटिकल्स, ऑलराइट फार्मास्यूटिकल्स, मेडिपोल फार्मास्यूटिकल्स, आरके लेबोरेटरीज, डीपी चॉकलेट और प्रोटॉक सॉल्यूशंस सहित अन्य कंपनियों के भाग लेने की संभावना है। अधिकांश पदों के लिए 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां पात्र होंगे। फ्रेशर्स के साथ अनुभवी अभ्यर्थी भी साक्षात्कार में भाग ले सकेंगे। सोसायटी के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त उप निदेशक अमर चंद चौहान ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपना बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की प्रति और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर आएं। अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी अनुभव प्रमाणपत्र भी साथ लाएं। उन्होंने आनी और आसपास के क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। आयोजन में भारद्वाज जॉब प्रोवाइडर एंड कॅरिअर कंसल्टेंट के प्रबंध निदेशक नरेश भारद्वाज का भी सहयोग रहेगा।