नाथपा झाकड़ी परियोजना ने हासिल किया दूसरी सबसे तीव्र 7 हजार मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन का रिक
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। एशिया की सबसे बड़ी भूमिगत जल विद्युत परियोजना एसजेवीएन के नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन ने ऊर्जा उत्पादन में दूसरी बार कीर्तिमान स्थापित किया है। 18 जनवरी को नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन ने 7,000 मिलियन यूनिट (एमयू) विद्युत उत्पादन का आंकड़ा हासिल किया है। परियोजना के इतिहास में यह दूसरा सबसे तीव्र गति से 7000 एमयू उत्पादन का कीर्तिमान है। एनजेएचपीएस ने 26 जनवरी 2025 को स्थापित अपने पूर्ववर्ती दूसरे सबसे तेज 7000 मिलियन यूनिट उत्पादन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।एनजेएचपीएस ने सबसे तेज 7000 मिलियन यूनिट ऊर्जा उत्पादन का रिकॉर्ड 4 जनवरी 2012 को स्थापित किया था, जो परियोजना के अब तक के सर्वाधिक वार्षिक विद्युत उत्पादन वर्ष के दौरान प्राप्त हुआ था। एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह कीर्तिमान एनजेएचपीएस टीम की प्रतिबद्धता, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को दर्शाता है। एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने इस उपलब्धि पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संगठन की सामूहिक क्षमता, प्रभावी मानव संसाधन प्रबंधन और विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट समन्वय का परिणाम है। झाकड़ी परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग प्रदान करने के लिए अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, निदेशक (कार्मिक), भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए), हिमाचल प्रदेश सरकार, शिमला एवं किन्नौर जिला प्रशासन का आभार जताया है।