कोटखाई में दुर्घटना ग्रस्त जेसीबी। संवाद
सोमवार रात को कोटखाई के कलबोग में हुआ हादसा
हादसे का पता मंगलवार सुबह लगा, पुलिस कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई के कलबोग दूसरी कैंची में एक जीसीबी खाई में गिर गई। दुर्घटना में जेसीबी ऑपरेटर की मौत हो गई। पुलिस को दिए बयान में
सुनील राजटा निवासी गांव राजटारी, डाकघर कलबोग, तहसील कोटखाई ने बताया है कि वह लोक निर्माण विभाग में ठेकेदार के रूप में कार्यरत है। वर्तमान में वह चमैण में अग्निशमन विभाग का भवन बनाने का काम कर रहा है। इस निर्माण कार्य के लिए उसने विपिन कुमार से जेसीबी मशीन किराये पर ली है। जेसीबी पर बतौर ऑपरेटर जिला मंडी की तहसील सुंदरनगर, डाकघर, कोटला, गांव चेली निवासी खूब राम पुत्र चुन्नी लाल को रखा था। सोमवार रात करीब 11 बजे खूब राम ने उसे फोन किया। फोन में उसने चमैण बाजार में की गई ठहरने की व्यवस्था से असहज महसूस होने की बात कही। उसने कलबोग आने की इच्छा जताई, लेकिन उसे देर रात होने के कारण उसे वहीं रुकने और अगले दिन सामान सहित आने की सलाह दी। इसके बाद वह सो गए। मंगलवार को सुबह जेसीबी मालिक विपिन कुमार का फोन आया कि खूब राम फोन नहीं उठा रहा है। इसके बाद खोजबीन शुरू की। खोज के दौरान कलबोग दूसरी कैंची के नीचे ढलान में जेसीबी मशीन गिरी हुई मिली और चालक खूब राम मशीन से लगभग 10 फीट पीछे मृत अवस्था में पाया गया। प्रारंभिक जांच में यह हादसा जेसीबी चालक की लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसएसपी संजीव गांधी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।