कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन में ऐतिहासिक चार साला जातरा मेले का वीरवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। मेले में चारो देवता कोटेश्वर महादेव, बूढ़ा देवता, मरेच्छ देवता और मलेंडू देवता रथ शृंगार सहित लोगों को दर्शन देंगे। स्थानीय देवठुओं की माने तो 70 वर्षों के बाद जोगेश्वर महादेव दलाश आनी जातरा मेले में शिरकत करेंगे। वीरवार को कोटेश्वर महादेव और बूढ़ा देवता अपने मंदिर कोटि मडोली से दैविक स्थान श्रम बल कैंप यानी सशस्त्र सीमा बल के परिसर में हजारों श्रद्धालुओं के साथ विराजमान हुए।
यहां लोगों ने देवताओं के दर्शन कर क्षेत्र की सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इसके बाद शाम के समय दोनों देवताओं ने मंदिर की ओर प्रस्थान किया। शुक्रवार को कोटेश्वर महादेव और बूढ़ा देवता कोटेश्वर महादेव परिसर दरबार ग्राउंड कुमारसैन के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां मरेच्छ देवता का दोनों देवताओं से मिलन होगा। इसके अतिरिक्त वीरवार को माता आदिशक्ति महामाया कचेरी खुमड़ी कोटेश्वर महादेव के मंदिर में पहुंची। इस दौरान हजारों लोगों ने कोटि मडोली में देव दर्शन का सौभाग्य प्राप्त किया।