आशिमा सरस्वती विद्यामंदिर में छह दिवसीय आयोजन का समापन
संस्कृत सप्ताह में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, भारतीय संस्कृति से जुड़ने का लिया संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। आशिमा सरस्वती विद्या मंदिर उच्च विद्यालय पुजारली-4 में आयोजित छह दिवसीय संस्कृत सप्ताह कार्यक्रम संपन्न हो गया। विद्या भारती के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति, संस्कार और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ना रहा।
संस्कृत सप्ताह का शुभारंभ 25 अगस्त को संस्कृत वस्तु प्रदर्शनी के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा और भारतीय संस्कृति से जुड़ी वस्तुओं, चित्रों और ज्ञानवर्धक सामग्री का प्रदर्शन किया। इसके बाद श्लोक उच्चारण, संस्कृत गीत और संस्कृत प्रश्नमंच सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं।
समापन समारोह में संस्कृत के विद्वान बाबू राम उखलाट ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। संस्कृत वस्तु प्रदर्शनी में सनफ्लावर सदन ने प्रथम स्थान हासिल किया। श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता में अनाहिता भारद्वाज, स्वास्तिका नैंटा और नवनीत शर्मा प्रथम रहे। संस्कृत गीत प्रतियोगिता में पांचवीं, छठी और दसवीं के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संस्कृत प्रश्नमंच में जैस्मिन सदन ने बाजी मारी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा और संस्कृत आचार्य चमन शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यापक बंसीलाल, गोपाल, रोशन, रोहित, सुनीता, शिखा, दीपाली, सपना, बबीता, रीतिका और प्रियांशिका ने विशेष सहयोग दिया।