सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में बीते दिनों हुई बर्फबारी के कारण ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है। जिले में पारा शून्य से भी नीचे पहुंच गया है। बावजूद इसके चुनावी माहौल पूरी तरह से गर्माया हुआ है। कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। ये उम्मीदवार विकास के नाम पर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।
जिले के सभी दस वार्डों में भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने उम्मीदवारों को पंचायतीराज चुनाव के लिए मैदान में उतारा है। सभी प्रत्याशी इन दिनों हाड़ कंपा देने वाली ठंड में जिले के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर अपने पक्ष में वोट मांग रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं के बीच पहुंचकर ग्रामीण क्षेत्रों सहित जिले में एक समान विकास करने के लिए प्रलोभन दे रहे हैं। अब देखना यह है कि चुनाव नतीजों में भाजपा और कांग्रेस में से किसका पलड़ा भारी रहता है। वैसे तो भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के दिग्गज नेता अपने अपने समर्थित उम्मीदवारों की भारी संख्या में जीत दर्ज करने के दावे ठोक रहे हैं, लेकिन कौन सी पार्टी के उम्मीदवार जीत दर्ज कर आगे आएंगे, यह लोग ही तय करेंगे। हालांकि पिछले चुनावों में किन्नौर में भाजपा के 6 समर्थित ने अपना सिर जीत का ताज सजाया था, जबकि कांगेस समर्थित 4 उम्मीदवारों ने अपनी जीत सुनिश्चित की थी।
इस वर्ष भाजपा और कांग्रेस के नेता 100 फीसदी सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत को सुनिश्चित करने के लिए दिन रात गांव-गांव भ्रमण कर वोटरों को खूब लुभा रहे हैं। सभी उम्मीदवार अपने-अपने वार्डों में आने वाले दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के नाम पर वोटरों को अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।
वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव हारा और युवा अध्यक्ष प्रवीन मौयान ने कहा कि इस बार जिले के सभी दस वार्डों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार जीत का परचम लहराएंगे।
उधर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष उमेश नेगी और युवा अध्यक्ष एडवोकेट प्रताप सिंह नेगी ने कहा कि जिले के सभी दस वार्डों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार अपनी जीत दर्ज करवा कर जिले में चहुंमुखी विकास करवाएंगे।