ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। ज्यूरी में वीरवार को प्री-जनमंच कार्यक्रम में ज्यूरी और बधाल के लोगों ने अफसरों के सामने कई मुद्दे उठाए। विभागों में स्टाफ की कमी का मुद्दा खूब गरमाया। ग्रामीणों ने कहा कि पीएचसी में पर्याप्त स्टाफ न होने के कारण लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। दूसरे विभागों में भी यही हालात हैं। इसके अलावा उन्नू महादेव मंदिर के गर्मपानी के स्रोतों का जीर्णोद्धार और विकसित करने सहित ज्यूरी में बने शहीदी पार्क के जीर्णोद्धार का मामला भी ग्रामीणों ने उठाया। इस मौके पर एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ज्यूरी और बधाल पंचायतों की जनता की शिकायतों के निपटारे के लिए वीरवार को ज्यूरी में प्री जनमंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 2 फरवरी को झाकड़ी में होने वाले जनमंच से पहले एसडीएम रामपुर ने ज्यूरी और बधाल पंचायत की जनता की शिकायतों के निवारण के लिए यह कार्यक्रम करवाया गया। इस मौके पर दोनों पंचायतों के लोगों ने निजी और सार्वजनिक कुल 33 समस्याओं को एसडीएम के समक्ष लिखित रूप से रखा। इस दौरान पीएचसी ज्यूरी में वर्षोें से रिक्त पड़े स्टाफ के पदों और उन्नू महादेव मंदिर में गर्म पानी के स्रोतों और शहीदी पार्क की खस्ताहालत को सुधारने की शिकायतें भी लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखीं। वहीं, नाथपा झाकड़ी परियोजना प्रभावितों की समस्याओं सहित लोनिवि, आईपीएच सहित अन्य सभी विभागों के समक्ष ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें रखी। इस मौके पर स्वास्थ्य जांच, इंतकाल, प्रमाण पत्र, कृषि विभाग ने निशुल्क बीज, बागवानी विभाग ने उद्यान कार्ड सहित लोगों के कई और कार्य भी निपटाए।
इस मौके पर बीडीओ रामपुर केआर कपूर, तहसीलदार विपिन ठाकुर, बीएमओ आरएस नेगी, एसवीओ डॉ. गुलशन, नायब तहसीलदार सराहन प्यारे लाल नेगी, खाद्य आपूर्ति निरीक्षक डीएस ठाकुर, एसडीओ लोनिवि नवेदिता नेगी, एसडीओ आईपीएच कृष्ण शर्मा, एसडीओ एनएच आनंद शर्मा, एचडीओ अश्वनी चौहान, प्रधान बधाल यशपाल सोनी, प्रधान ज्यूरी अशोक नेगी, प्रधान विजय नेगी सहित विभिन्न विभागों से प्रतिनिधि मौजूद रहे।