वर्षों से खस्ताहाल हुए जगातखाना रामपुर पुल की मरम्मत कार्य शुरू करते लोक निर्माण विभाग के कर्मच?
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। वर्षों से खस्ताहाल जगातखाना-रामपुर पैदल पुल का मरम्मत कार्य शनिवार से ही शुरू कर दिया गया है। पहले लोक निर्माण विभाग ने पुल की मरम्मत का कार्य 16 से 25 तक करने का फैसला लिया था लेकिन एक साथ तीन सरकारी छुट्टियों के चलते इस कार्य को शनिवार से ही शुरू कर दिया गया है।
अब 14 से 23 मई तक पुल पर लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी। ऐसे में निरमंड से रामपुर और रामपुर से निरमंड की तरफ जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही करनी पड़ेगी। लोक निर्माण विभाग 11 लाख रुपये की लागत से पुल की मरम्मत का कार्य कर रहा है। विभाग ने क्षेत्र के लोगों से सहयोग की अपील की है।
गौर हो कि जिला शिमला के रामपुर को कुल्लू जिले से जोड़ने वाले जगातखाना-रामपुर पुल से हर रोज हजारों लोग आवाजाही करते हैं। खासकर निरमंड विकास खंड की 9 पंचायतों के लोग रोजाना रामपुर पहुंचने के लिए इस पुल का इस्तेमाल करते हैं। वर्षों से पुल की हालत दयनीय बनी हुई थी, जिससे पुल से आवाजाही करना जान जोखिम में डालने जैसा था। हालत यह थी कि पुल पर लगी लोहे की शीट जगह जगह जंग खाकर सड़ चुकी हैं, जबकि पुल के तार दबाव के कारण झुक गए थे।
ब्रौ, चाटी या वजीर बावड़ी से होकर करनी होगी आवाजाही
जगताखाना-रामपुर पुल पर लोगों की आवाजाही बंद होने से लोगों को वाया ब्रौ, चाटी पुल या फिर वजीर बावड़ी से होकर रामपुर पहुंचना पड़ेगा। पुल पर आवाजाही बंद होने से लोगों को अगले 10 दिन तक परेशानियां झेलनी पड़ेंगी।
लोक निर्माण विभाग निरमंड के अधिशासी अभियंता राजेश शर्मा ने कहा कि जगातखाना-रामपुर पुल का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। 11 लाख रुपये की लागत से पुल की मरम्मत की जाएगी। इस संबंध में आनी और रामपुर प्रशासन से सहयोग की अपील की गई है।