डीएवी स्कूल रिकांगपिओ में छात्र परिषद के नव निर्वाचित सदस्य मुख्यातिथि के साथ। स्रोत : स्कूल प्
डीएवी स्कूल रिकांगपिओ में अलंकरण समारोह, छात्र परिषद में विद्यार्थियों को सौंपे पदभार
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ(किन्नौर)। डीएवी स्कूल रिकांगपिओ में शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के लिए अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। समारोह में छात्र परिषद में विद्यार्थियों को दायित्व भी सौंपे गए। स्कूल के प्रधानाचार्य जसविंदर वर्मा ने पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा का स्वागत किया। नवनिर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों ने शपथ ग्रहण भी की। सत्र 2026-2027 के लिए छात्र परिषद में हेड गर्ल श्रेयाशी और हेड बॉय आर्य को चुना गया। जूनियर हेड गर्ल अलीना और जूनियर हेड बॉय नीकित को चुना गया। स्पोर्ट्स कैप्टन के रूप में रूपाली और नवनीत, सांस्कृतिक प्रभारी के रूप में सोनल और आदित्य को दायित्व सौंपा गया। विद्यालय के विभिन्न सदनों के पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई। स्वामी दयानंद हाउस की प्रभारी प्रीति बाला के मार्गदर्शन में सक्षम को हाउस कैप्टन और पद्मावती को वाइस कैप्टन नियुक्त किया गया। महात्मा हंसराज हाउस में अदिति को कैप्टन और निखिल को वाइस कैप्टन बनाया गया। श्रद्धानंद हाउस में एंजल को कैप्टन और सानवी को वाइस कैप्टन नियुक्त किया गया। विवेकानंद हाउस में वर्णिका को कैप्टन और आयुष को वाइस कैप्टन चुना गया। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने गौतम बुद्ध के उपदेशों से प्रेरणा लेते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं अपना मार्गदर्शक बनने की प्रेरणा दी और संस्कृत के प्रसिद्ध वाक्य अप्पो दीपो भव अर्थात स्वयं अपने दीपक बनो का उल्लेख किया।