स्प्रिंगडेल स्कूल खनेरी पहुंचने पर अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता महिला कबड्डी खिलाड़ियों का फ
स्प्रिंगडेल स्कूल खनेरी में ज्योति, पुष्पा राणा और भावना ठाकुर ने विद्यार्थियों से किया संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। स्प्रिंगडेल स्कूल खनेरी में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीत चुकीं महिला कबड्डी खिलाड़ी ज्योति, पुष्पा राणा और भावना ठाकुर ने विद्यार्थियों से संवाद किया। तीनों खिलाड़ियों ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। तीनों खिलाड़ी बुशहर कबड्डी संघ रामपुर की ओर से आयोजित की जा रही कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचीं हैं। विद्यालय परिसर में पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य और अध्यापक वर्ग ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा युवाओं के स्वास्थ्य, भविष्य और सामाजिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित करता है, इसलिए विद्यार्थियों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन, आत्मविश्वास, अच्छी आदतें और दृढ़ इच्छाशक्ति बेहद जरूरी हैं। खिलाड़ियों ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलकूद केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती और व्यक्तित्व विकास का भी सशक्त माध्यम है। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, धैर्य और संघर्ष करने का जज्बा विकसित होता है। खिलाड़ियों ने विशेष रूप से छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें और खेलों में कॅरिअर बनाने के सपने को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करें। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नियमित अभ्यास, कठिन परिश्रम और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष आनंद ने खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ियों का विद्यालय में पहुंचना विद्यार्थियों के लिए गर्व की बात है।