. 76 वर्षीय हरी दास की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण
विज्ञापन
भालू के हमले में मुंह पर आईं गंभीर चोटें, वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग संवाद न्यूज एजेंसी डंसा (रामपुर बुशहर)।
रामपुर क्षेत्र में भालुओं के हमलों की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। शिंगला पंचायत के बेसड़ी गांव के पास मंगलवार सुबह एक भालू ने भेड़पालक पर अचानक हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की पहचान 76 वर्षीय हरी दास शर्मा के रूप में हुई है। भेड़पालक की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल से आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, हरी दास शर्मा मंगलवार सुबह रोजाना की तरह अपनी बकरियों को चराने के लिए गांव के समीप गए थे। इसी दौरान पूर्वाह्न 11:00 बजे झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उनपर हमला कर दिया। भालू के हमले से भेड़पालक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक भालू वहां से भाग चुका था। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल हरी दास शर्मा को उपचार के लिए रामपुर अस्पताल पहुंचाया। भालू के हमले में उनके मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया है। घटना के बाद बेसड़ी सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों भोजन की तलाश में जंगली जानवर रिहायशी इलाकों और आसपास के जंगलों से सटे चरागाहों की ओर पहुंच रहे हैं। इससे लोगों, खासकर पशुपालकों और जंगलों में काम करने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण श्रवण कुमार, यशवंत शर्मा और रूपेश शर्मा सहित अन्य लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में भालू की गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उन्होंने बेसड़ी गांव के आसपास पिंजरा स्थापित कर हमलावर भालू को पकड़ने की गुहार लगाई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
भालू के हमले में घायल भेड़पालक को वन विभाग की ओर से जल्द फौरी सहायता दी जाएगी। मुआवजा स्वीकृति का मामला संस्तुति के लिए तैयार किया जा रहा है। विभागीय कर्मचारी भालू की निगरानी के लिए पेट्रोलिंग पर भेजे गए हैं। ग्रामीण सतर्क रहें और जंगल के साथ लगते क्षेत्रों में अकेले जाने से बचें। भालू दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें। - गुरहर्ष सिंह, डीएफओ, वन विभाग रामपुर