एचपीएस में इंटर-प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स मीट संपन्न, एथलेटिक्स में रामपुर और शिमला का दबदबा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। एसजेवीएन के तत्वावधान में रामपुर एचपीएस में आयोजित दो दिवसीय इंटर-प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स मीट 2026-27 का समापन हुआ। प्रतियोगिता में एसजेवीएन की विभिन्न परियोजनाओं के कर्मचारियों ने एथलेटिक्स और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भाग लिया। एथलेटिक्स के महिला वर्ग में कॉर्पोरेट मुख्यालय शिमला और पुरुष वर्ग में रामपुर एचपीएस ने ओवरऑल खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रियंका बंसल, 200 मीटर में रचिता, 400 मीटर में अंकिता कुमारी और 800 मीटर में रमा प्रथम रहीं। पुरुष वर्ग में धीरज शर्मा ने 100 और 400 मीटर, रिकी चौहान ने 200 मीटर और शुभम बंसल ने 800 और 1500 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। महिला चार गुणा 100 मीटर रिले में एनजेएचपीएस और पुरुष वर्ग में रामपुर एचपीएस की टीम विजेता रही। शॉटपुट और डिस्कस थ्रो में महिला वर्ग से प्रियंका बंसल ने दोनों खिताब जीते। पुरुष शॉटपुट में सुरेश कुमार और डिस्कस थ्रो में अक्षय विजेता रहे। लंबी और ऊंची कूद में महिला वर्ग से स्मृति दत्ता ने पहला स्थान हासिल किया। पुरुष लंबी कूद में रिकी चौहान और ऊंची कूद में करण विजेता रहे। बैडमिंटन प्रतियोगिता की महिला और पुरुष दोनों वर्ग की प्रतियोगिताओं में कॉर्पोरेट मुख्यालय शिमला ने पहला स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में प्रियंका बंसल और पुरुष वर्ग में संजू कुमार को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। समापन समारोह में रामपुर एचपीएस के विभागाध्यक्ष रोशन कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल कर्मचारियों में टीम भावना, आपसी सहयोग और सौहार्द बढ़ाने का बेहतर माध्यम हैं। परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। प्रतियोगिता ने विभिन्न परियोजनाओं के कर्मचारियों के बीच आपसी मेलजोल और खेल भावना को बढ़ावा दिया।