राजकीय बहुतकनीकी संस्थान रोहड़ू में फार्मेसी डिप्लोमा कार्यक्रम का गुणवत्ता परिषद ने किया निरीक
दो राज्यों से आए विशेषज्ञों ने शैक्षणिक और प्रायोगिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान रोहड़ू में फार्मेसी डिप्लोमा कार्यक्रम का मंगलवार को भारत सरकार की संस्था भारतीय गुणवत्ता परिषद की टीम ने निरीक्षण किया। यह निरीक्षण संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और आधारभूत संरचना के मूल्यांकन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निरीक्षण टीम में हैदराबाद और राजस्थान से आए दो विशेषज्ञ शामिल रहे। विशेषज्ञों ने फार्मेसी विभाग की प्रयोगशालाओं, उपकरणों, कक्षाओं, पुस्तकालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। इसके अलावा छात्रों से विभिन्न विषयों के प्रायोगिक कार्य करवाए गए और मौखिक परीक्षा (वाइवा) के माध्यम से उनकी शैक्षणिक दक्षता का आकलन किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों की वीडियोग्राफी भी की गई, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। विशेषज्ञों ने शिक्षकों और छात्रों से संवाद कर पाठ्यक्रम संचालन, प्रयोगात्मक प्रशिक्षण और संस्थान की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. धीरज कौशिक के नेतृत्व में विभागाध्यक्ष शशि शर्मा, वरिष्ठ प्रवक्ता मोती शर्मा, प्रवक्ता महेश चौहान, उदय चौहान और मनोज शुक्ला सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। संस्थान के मीडिया प्रभारी देविंद्र सिंह प्रेमी ने यह जानकारी उपलब्ध करवाई।