रामपुर बुशहर। ननखड़ी तहसील की कलेडा-मझेवटी पंचायत में भालू के कहर से ग्रामीण खौफजदा हैं। रविवार सुबह बगीचे में घास काट रही महिला पर भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बाल-बाल बची महिला का रामपुर के खनेरी अस्पताल में उपचार चल रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से भालू को पकड़ने की मांग उठाई है।
गौर रहे कि उपमंडल रामपुर के तहत ननखड़ी तहसील की ग्राम पंचायत कलेडा-मझेवटी के कलेडा गांव की ब्रेस्ती देवी पत्नी धनीराम रविवार सुबह सेब बगीचे में घास काट रही थी। इस बीच घात लगाए बैठे भालू ने अचानक महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। महिला के सिर और पीठ पर जख्म हैं। भालू के चंगुल से छूटकर महिला ने चिल्लाना शुरू किया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे लोग घटनास्थल पर पहुंचे। महिला के बेटे रामेश्वर मेहता ने महिला को खनेरी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही वन रैंज बाहली के वन रक्षक अरुण शर्मा अस्पताल पहुंचे और भालू के हमले में जख्मी हुई महिला को चार हजार रुपये की फौरी मदद दी। वार्ड सदस्य रूद्रा कायथ, रामेश्वर मेहता, प्रमोद कायथ और कुशाल शर्मा ने वन विभाग से भालू के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।