हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंंक समिति ज्यूरी में वितीय साक्षरता शिविर में ग्रामीणों को जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल की ज्यूरी पंचायत में नाबार्ड के सौजन्य से हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक शाखा ज्यूरी ने एक वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया। शिविर में ज्यूरी बैंक के शाखा प्रबंधक सतीश कुमार ने बैंक की विभिन्न वित्तीय और ऋण योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। प्रबंधक सतीश कुमार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक देश के सहकारी क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और खासतौर पर महिलाओं के उत्थान के लिए सशक्त महिला ऋण योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत महिलाएं बिना किसी गारंटी के 21 हजार रुपये तक का ऋण लेकर अपने व्यवसाय की शुरुआत कर सकती हैं, जिससे उनके परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके। प्रबंधक ने बच्चों के लिए सपनों का संचय योजना का भी उल्लेख किया, जिसमें बच्चे अपने पैसे को जमा कर भविष्य में शिक्षा के लिए इसका उपयोग कर सकते हैं। स्थानीय दुकानदारों के लिए पिग्मी योजना की भी शुरुआत की गई है। इसमें दुकानदार अपनी दैनिक बचत को एकत्र कर अपने व्यापार में निवेश कर सकते हैं। सतीश कुमार ने जानकारी दी कि किसानों, स्वयं सहायता समूहों, और जिनका वेतन खाता इस बैंक में है, उन्हें भी बैंक द्वारा सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में ग्रामीणों ने इन योजनाओं में विशेष रुचि दिखाई और बैंक द्वारा दिए गए लाभकारी सुझावों का स्वागत किया। इस प्रकार के साक्षरता शिविर से ग्रामीणों को बैंकिंग और वित्तीय योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।