शुदारंग पंचायत में ग्राम सभा के दौरान मौजूद ग्रामीण चर्चा करते हुए। संवाद
ग्राम सभा में बालिका गौरव पुरस्कार योजना के बारे में दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ(किन्नौर)। जिला किन्नौर के मुख्यालय के साथ लगते शुदारंग पंचायत में वीरवार को आम ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में सभी ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ग्राम सभा में मुख्य रूप से इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि के तहत पंचायत के महिलाओं के आवेदन पर मंजूरी दी गई। योजना के तहत शुदारंग पंचायत से 60 महिलाओं ने आवेदन किया था। इनमें से 40 महिलाओं के आवेदन को ग्राम सभा से पास किया गया। जल्द इन महिलाओं को हर माह 1500-1500 रुपये योजना के मिलेंगे। अब उन स्वीकृत आवेदनों को जिला कल्याण विभाग भेजा जाएगा। पंचायत प्रधान दलीप नेगी ने ग्रामीणों का पंचायत परिसर में पहुंचने पर आभार प्रकट किया। उन्होंने महिलाओं को बालिका गौरव पुरस्कार योजना के बारे में जानकारी दी। गरीब वर्ग के बच्चे जो पढ़ना लिखना चाहते हैं, वे योजना का लाभ उठा सकते हैं। छात्रों की पढ़ाई के लिए पंचायत से सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्राम सभा 16 जनवरी को आयोजित की जानी थी, लेकिन कोरम पूरा न होने के चलते ग्राम सभा का आयोजन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025- 26 15वां वित्तायोग और मनरेगा के तहत लगभग 77 लाख का बजट पारित किया गया। पंचायत सचिव बाबू राम नेगी ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने सभी को योजनाओं का लाभ उठाने और आवेदन करने का आग्रह किया।