देहा जोन की तीन दिवसीय अंडर-19 प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को ठियोग विधानसभा क्षेत्र के तहत 2.89 करोड़ रुपये से तैयार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टियाली के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि टियाली स्कूल का सुंदर भवन तैयार किया गया है, जिसमें परीक्षा हॉल, 6 कमरे, आईटी रूम, प्रधानाचार्य कक्ष, स्टाफ रूम, स्टोर आदि की सुविधाएं हैं।
उन्होंने कहा कि इस स्कूल में फर्नीचर और पुस्तकालय में पुस्तकों की मांग प्राप्त हुई है, जिसे जल्द ही पूरा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्कूल के भवन को तैयार करने में जो अतिरिक्त राशि खर्च हुई है वह भी लोक निर्माण विभाग को जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूल में फेंसिंग की मांग प्राप्त हुई है, जिसका प्राक्कलन प्राप्त होते ही बजट उपलब्ध करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस स्कूल में साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम शुरू करने के लिए शिक्षा विभाग अध्ययन करेगा और उसके पश्चात स्थानीय विधायक की अनुशंसा पर दोनों में से एक स्ट्रीम यहां आवश्यकता अनुसार शुरू की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने देहा जोन के तीन दिवसीय अंडर-19 टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस टूर्नामेंट में देहा जोन के 17 स्कूलों की 251 लड़कियां हिस्सा ले रही हैं।
उन्होंने कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को 20,000 रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त मार्चपास्ट में टियाली स्कूल के दल को सम्मानित किया। बताया कि इस स्कूल के भवन की नींव 2016 में विद्या स्टोक्स ने रखी थी और लगभग 8 साल बाद इसका लोकार्पण संपन्न हुआ है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टियाली की प्रधानाचार्य तेजिंदर कौर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रेसिडेंट ठियोग नरेंद्र कंवर, ब्लॉक प्रेसिडेंट कोटखाई मोती लाल डेरटा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विभाग एलआर भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।