भावानगर (किन्नौर)। प्रदेश सरकार जनजातीय जिलों के समग्र एवं चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। किन्नौर जिले के दूरदराज क्षेत्रों में हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने रूपी पंचायत के प्रवास के दौरान मझगांव में आयोजित दो दिवसीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता करते यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जरूरतमंद महिलाओं को 1,500 रुपये की मासिक पेंशन देने के वादे को सरकार पूरा कर रही है।
मंत्री जगत सिंह नेगी ने रूपी पंचायत में 1.22 करोड़ रुपये से निर्मित भूजल आपूर्ति योजना गुरगुरी (मझगांव) और 1.17 करोड़ की राशि से निर्मित जल आपूर्ति योजना रूपी का उद्घाटन किया। इन दोनों जलआपूर्ति योजनाओं से रूपी ग्राम पंचायत के लगभग 1,156 लोग लाभान्वित होंगे।
मंत्री ने सभी अध्यापकों को शिक्षा में सुधार एवं गुणवत्ता लाने के निर्देश दिए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रूपी के भवन विस्तार के लिए बजट को आगामी वित्तवर्ष में रखा गया है। रूपी ग्राम पंचायत के लिए खेल मैदान भी शीघ्र उपलब्ध करवाया जाएगा। रूपी पंचायत में पंचायत घर का निर्माण किया जाएगा।
मंत्री ने रूपी पंचायत के शिगारचा, नालिंग-2 और मझगांव में आम जनमानस की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि सभी उचित मांगों को प्रदेश सरकार पूरा करेगी। उन्होंने रूपी पंचायत में कुलदेव नारायण मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। मझगांव में आयोजित दो दिवसीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता के कबड्डी खेल में महिला मंडल मझगांव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला मंडल डबलिंग ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
रस्साकशी में महिला मंडल मझगांव प्रथम और गुरवीर नालिंग स्वयं सहायता समूह दूसरे स्थान पर रहा। मंत्री ने स्वैच्छिक निधि से प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता रही टीमों को प्रति टीम 25,000 रुपये देने की घोषणा की। रूपी पंचायत के प्रधान रामेश्वर राजेल ने रूपी पहुंचने पर मंत्री का स्वागत किया। संवाद