रोहड़ू। विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने मंगलवार को खरशाली पंचायत में नवनिर्मित पंचायत सामुदायिक केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर खरशाली पंचायत के ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया। ब्राक्टा ने कहा कि इस भवन के निर्माण से पंचायत की बैठकों, सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों को अपनी समस्याएं, सुझाव और योजनाएं साझा करने के लिए एक सशक्त मंच प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान को केंद्र में रखकर विकास कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि विकास की योजनाएं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सकें। विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति को किसी भी सूरत में धीमा नहीं पड़ने दिया जाएगा। इस अवसर पर पंचायत के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, महिला मंडल, युवा वर्ग तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।