सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षा महाविद्यालय नोगली में स्नातक पाठ्यक्रम का उद्घाटन करते राज्यपाल शिव
रामपुर बुशहर। रामपुर के नोगली में सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षा महाविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रम के उद्घाटन समारोह में राज्यपाल बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस दौरान राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा है कि मौजूदा परिप्रेक्ष्य में गुरु का स्थान टीचर ने ले लिया है। भारतीय परंपरा में गुरु की वंदना होती थी। गुरु किसी भी रूप में हो, वह समाज का मार्गदर्शन होता है। राज्यपाल ने कहा भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण ने भी गुरु शिष्य परंपरा का निर्वाह किया और गुरु के आदेशों की पालन की। गुरु हमेशा समाज का मार्गदर्शक होता है और मन से गुरु को मानकर चलो तो सब कुछ मिलता है। सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षा संस्थान के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. मुकेश शर्मा ने राज्यपाल का स्वागत किया। इसके बाद उन्हें सम्मानित किया गया। उन्होंने संस्थान की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संस्थान के नए पाठ्यक्रमों बीए, बीएससी और बीकॉम की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान में गरीब विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा का प्रावधान भी किया गया है।
रामायण पर नृत्य नाटिका ने किया भावुक
महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। उन्होंने रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया। राज्यपाल ने डॉ. मुकेश कुमार और डॉ. सीमा भारद्वाज की लिखी पुस्तक असेसमेंट फॉर लर्निंग का विमोचन भी किया। राज्यपाल ने विभिन्न संस्थाओं और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। इस मौके पर संस्थान की प्रधानाचार्य डॉ. सीमा भारद्वाज, राज्यपाल के सचिव सीपी वर्मा, जिला प्रशासन के अधिकारी और अन्य मौजूद रहे।
सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षा महाविद्यालय नोगली में स्नातक पाठ्यक्रम का उद्घाटन करते राज्यपाल शिव