ननखड़ी के टिकरी गांव में भालू ने घर की दीवार की ध्वस्त। संवाद
रिहायशी क्षेत्र में भालू के दस्तक से ग्रामीणों में डर का माहौल
ग्रामीणों ने वन विभाग से समस्या दूर करने की लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की देलठ पंचायत के टिकरी गांव में भालू के आतंक से ग्रामीण सहम गए हैं। मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे भालू ने एक रिहायशी मकान में मधुमक्खी का बॉक्स नष्ट कर दिया। भालू के रिहायशी क्षेत्रों के दस्तक से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार देविंद्र ठाकुर के पुराने घर में मधुमक्खियां थीं। देर रात को भालू ने मधुमक्खी के बॉक्स को नष्ट कर दिया। भालू के हमले से अब स्थानीय जनता में डर का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण खेतों में जाने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि भालू के रिहायशी क्षेत्रों में पहुंचने से खतरा बना हुआ है। भालू कभी भी लोगों और पशुओं पर भी हमला कर सकता है। उन्होंने वन विभाग से भालू को पकड़ने की मांग की है ताकि कोई जानी नुकसान न हो। उधर, वन विभाग के वन रक्षक संदीप कुमार ने बताया कि इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। यदि भालू ने मधुमक्खी के बॉक्स को नुकसान पहुंचाया है, तो लोगों को इस बारे में जागरूक किया जाएगा।