बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना कांप्लेक्स मुखियाओं की जिम्मेदारी : कुलदीप
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के मुखियाओं को उप शिक्षा निदेशक ने स्कूलों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश जारी किए हैं। उप शिक्षा निदेशक कुलदीप सिंह डोगरा ने कहा कि अपने कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च विद्यालयों में सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना मुखियाओं की जिम्मेदारी है। शिक्षा विभाग के नए नियमों के तहत विद्यालयों के खातों में बजट और विभिन्न निधियां उपलब्ध हैं, तो स्कूल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कुल अनुदान का 85 प्रतिशत तक हिस्सा खर्च किया जा रहा है। उप निदेशक डोगरा ने कहा कि पूर्व में जिले के कई स्कूलों में किए गए निरीक्षण के दौरान यह संज्ञान में आया है कि पर्याप्त धन उपलब्ध होने के बाद भी कई विद्यालयों में शौचालयों के रखरखाव, पेयजल व्यवस्था और प्रयोगशालाओं सहित अन्य अनिवार्य सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत विद्यालय मुखियाओं को इन कार्यों के लिए उच्चाधिकारियों से अलग से स्वीकृति लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। विद्यालय स्तर पर ही एक समिति गठित कर छात्र हित में विकास कार्य सुनिश्चित कर सकेंगे। 3 मार्च से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विभाग पूरी तरह गंभीर है। उप शिक्षा निदेशक ने अध्यापकों को निर्देश किया है कि बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए विशेष विषय वार क्वेरी सत्र आयोजित किए जाएं, जिससे छात्र बिना किसी मानसिक तनाव के परीक्षाओं में बेहतर अंक प्राप्त कर सकें। विभाग ने निर्देशों की जमीनी हकीकत जांचने के लिए जल्द ही स्कूलों का औचक निरीक्षण शुरू करेंगे। स्कूल मुखियाओं को स्कूल प्रबंधन समितियों के साथ मिलकर आगामी शैक्षणिक सत्र में बच्चों का नामांकन बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।