बर्फबारी नहीं होने से कल्पा में सूखे पड़े बगीचे। संवाद
ऊंचाई में बेहतर बारिश-बर्फबारी न होने से सेब और नकदी फसल पर पड़ सकता है असरसंवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)।
जनजातीय जिले किन्नौर में इस साल मौसम की बेरुखी से किसान-बागवान चिंतित हैं। इस बार सर्दियों का आधे से ज्यादा सीजन बीत जाने के बाद भी जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में उम्मीद के मुताबिक बर्फबारी नहीं हुई है, जिससे अब पूरे क्षेत्र में सूखे की स्थिति पैदा हो गई है। किन्नौर की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से सेब और नकदी फसलों पर टिकी है। बेहतर बर्फबारी और बारिश न होने के कारण जहां सेब को चिलिंग ऑवर की कमी होगी। वहीं, पर्याप्त बर्फबारी न होने से पौधों की सुप्त अवस्था प्रभावित हो रही है, जिसका सीधा असर आने वाले समय में फसल की गुणवत्ता और मात्रा पर पड़ेगा। यदि बेहतर बर्फबारी होती है तो सेब को जमीन से बेहतर नमी मिलती है, लेकिन अब मिट्टी में नमी का अभाव हो गया है, जबकि बर्फ पिघलकर धीरे-धीरे जमीन में नमी रखती है, जो गर्मियों तक पौधों को पोषण देती है। इस बार नमी की कमी के कारण बगीचे सूखने की कगार पर हैं। सूखे के कारण किसान-बागवान ही नहीं बल्कि हजारों ग्रामीणों के लिए पेयजल संकट की समस्या भी बढ़ सकती है। पेयजल स्रोत भी बर्फबारी पर निर्भर रहते हैं। पर्याप्त बर्फबारी हो तो जल स्रोत रिचार्ज होते हैं, लेकिन लंबे समय से बनी सूखे की स्थिति अब पेयजल आपूर्ति को भी प्रभावित करेगी। बर्फ न गिरने से पीने के पानी और सिंचाई की किल्लत शुरू हो गई है। बागवानों का कहना है कि यदि कुछ दिन में बर्फबारी नहीं होती है, तो इस साल सेब का उत्पादन 40 से 50 फीसदी तक गिर सकता है। उन्होंने कहा कि यहां आय का साधन सेब उत्पादन ही है। बागवानी ही नहीं, बल्कि किन्नौर में उगाई जाने वाली मटर, ओगला, राजमा और फाफरा जैसी फसलों पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। किसान खेत तैयार करने में हिचकिचा रहे हैं, क्योंकि जमीन पूरी तरह से सख्त और सूखी पड़ी है।