रामपुर बुशहर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के अध्ययन केंद्र-1110 राजकीय महाविद्यालय रामपुर में प्रवेश प्रक्रिया बढ़ा दी गई है। जनवरी सत्र-2026 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर, सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कार्यक्रम में प्रवेश की तिथि 15 मार्च कर दी है। इग्नू अध्ययन केंद्र-1110 रामपुर के समन्वयक डॉ. टीडी वर्मा ने बताया कि जो अभ्यर्थी इग्नू से अध्ययन करना चाहते हैं या अभी तक जिन्होंने अपनी फीस जमा नहीं करवाई है, वे 15 मार्च तक प्रवेश ले सकते हैं। इग्नू में पहले से अध्ययनरत शिक्षार्थियों को सेमेस्टर आधारित कार्यक्रम को छोड़कर पुन: पंजीकरण के लिए 200 रुपये विलंब शुल्क देना होगा। अभ्यर्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रवेश ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए इग्नू अध्ययन केंद्र-1110 रामपुर में आकर भी संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को एक और अवसर प्रदान करने के लिए आवेदन तिथि को बढ़ाया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय पर आवेदन करने का आह्वान किया।