ग्रामीण बोले, समय रहते सुधार न किया तो हो सकता है हादसा
बोर्ड को जानकारी दी फिर कर रहे अनदेखी
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। क्षेत्र की बाग डुम्हेर पंचायत के बागा गांव में बिजली व्यवस्था की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय बन गई है। गांव के कई हिस्सों में बिजली के खंभे गिरने की स्थिति में पहुंच चुके हैं। साथ ही सेब के पौधों में तार उलझे हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, वे इस समस्या को कई बार संबंधित विभाग के ध्यान में ला चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शेर सिंह ठाकुर, नीरज ठाकुर, निरंजन ठाकुर, पदम दास और रिंकू सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बगीचों के बीच से गुजर रहे बिजली के तार सेब के पौधों से लिपटे हैं। इससे फसल को नुकसान पहुंच रहा है और लोगों की सुरक्षा भी खतरे में है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से खंभों की स्थिति जर्जर बनी हुई है। विभाग की ओर से लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया और कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द मौके का निरीक्षण कर बिजली लाइनों को व्यवस्थित किया जाए और झुके हुए खंभों को ठीक किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
कोटखाई के सहायक अभियंता वरुण धीमान ने बताया कि उनके पास इस मामले में अभी तक लिखित शिकायत नहीं आई है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी कोई समस्या सामने आती है तो आवश्यक कार्रवाई कर इसे जल्द दुरुस्त किया जाएगा।