वन विभाग ने आनी के कोठी में दी दबिश, थाने में केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। उपमंडल आनी के अंतर्गत वन विभाग की टीम ने एक घर में दबिश देकर देवदार के 27 स्लीपर, 22 फ्रेम और 14 कड़ियां बरामद की हैं। पुलिस थाना आनी में मामला दर्ज कर लिया गया है। वन खंड अधिकारी च्वाई/पनेउ राकेश कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने शुक्रवार को दबिश दी। राकेश कुमार निवासी गांव कोठी तहसील आनी के रिहायशी मकान से देवदार की लकड़ी बरामद की गई। कुल 27 देवदार के स्लीपर, 22 फ्रेम और 14 कड़ियां बरामद की गईं, जिन्हें अवैध रूप से रखा गया था। वन खंड अधिकारी राकेश कुमार ने मामले की शिकायत पुलिस थाना आनी में दी है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।