ठियोग (रामपुर बुशहर)। दिवाली के मद्देनजर पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ शिमला पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी फागू की टीम ने चियोग बस स्टैंड के पास एक स्टोर में छापेमारी कर भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में चियोग निवासी 38 वर्षीय ओम प्रकाश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चौकी फागू की टीम चियोग बस स्टैंड के समीप गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ओम प्रकाश अपने स्टोर में बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में संबंधित स्टोर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्टोर के तीसरे कमरे में रखे गत्ते के कार्टनों से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने जब संबंधित व्यक्ति से पटाखों के भंडारण और बिक्री संबंधी दस्तावेज मांगे, तो वह कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।