जान जोखिम में डालकर सड़क किनारे चलने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। धर्मपुर बाजार में नेशनल हाईवे पर बेतरतीब और अवैध पार्किंग ने राहगीरों का पैदल चलना मुश्किल कर दिया है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोग अपनी जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। विशेषकर सुबाथू रोड के लिए टर्निंग पॉइंट अब अति संवेदनशील बन गया है, जहां पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार जब से फोरलेन हाईवे का निर्माण हुआ है, तब से अवैध पार्किंग की समस्या पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। हाईवे पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण सड़क पार करना किसी खतरे से कम नहीं है। कई मौकों पर वाहन चालक पैदल चलने वालों को टक्कर मार चुके हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है।
बाजार के चौक पर स्थित पुलिस सहायता कक्ष, शराब के ठेके और मिठाई की दुकान के ठीक सामने वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। इस अवैध पार्किंग के कारण सुबाथू मार्ग से आने वाले चालकों और पैदल यात्रियों को हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रहे वाहनों का पता ही नहीं चलता। विजिविलिटी कम होने के कारण यहां दुर्घटनाओं की आशंका हर समय बनी रहती है।
उधर, इस बारे में धर्मपुर पुलिस थाना प्रभारी दलीप तोमर ने बताया कि पुलिस समय-समय पर अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है और नियमित चालान काटे जाते हैं। हालांकि, इसके बावजूद वाहन चालकों के रवैये में कोई सुधार नहीं आ रहा है। आलम यह है कि मना करने पर कई बार वाहन चालक पुलिस कर्मचारियों के साथ उलझ जाते हैं और बहसबाजी पर उतारू हो जाते हैं।