इंपैक्ट : वन विभाग ने लोक निर्माण विभाग को डंपिंग साइट बनाने के दिए निर्देश
.ठेकेदार की ओर से पौधरोपण क्षेत्र और नालों में की जा रही थी डंपिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। ज्यूरी से सराहन सड़क के विस्तारीकरण के दौरान निकल रहे मलबे की डंपिंग पर वन विभाग ने रोक लगा दी है। लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार की ओर से मलबे की डंपिंग पौधरोपण क्षेत्र और नालों में की जा रही थी। इस मामले को अखबार में बुधवार 1 अप्रैल के अंक में प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद वन विभाग ने कार्रवाई की। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा दीवार लगवा कर पहले व्यवस्थित डंपिंग बनाई जाए। फिर मलबे को डंप किया जाए। ज्यूरी से सराहन सड़क का नाबार्ड के तहत करीब 26 करोड़ रुपये से विस्तारीकरण किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग का ठेकेदार पहाड़ की कटिंग से निकल रहे मलबे को पौधरोपण क्षेत्र में डलवा रहा था। इस पौधरोपण क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के ही उद्यान विंग ने 18 साल पहले पौधरोपण करवाया था। मलबा डालने से पेड़ों को नुकसान पहुंच रहा था। उधर, वन परिक्षेत्र अधिकारी सराहन कुंदन नेगी ने बताया कि वन क्षेत्र और नालों में मलबा न डलवाने के लिए कहा गया है। लोक निर्माण विभाग को मलबे के लिए डंपिंग की व्यवस्था नियम के अनुसार पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दीवार लगाकर पहले पेड़-पौधों और नालों को सुरक्षित करने को कहा गया है। नियमों की अवहेलना करने पर आगे और भी सख्त कार्रवाई होगी।