सीमा कॉलेज में इग्नू अध्ययन केंद्र ने परिचय सभा का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के अध्ययन केंद्र ने सत्र जून 2026 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए परिचय सभा का आयोजन किया। परिचय सभा ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से हुई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को इग्नू की ओर से संचालित शैक्षणिक कार्यक्रमों, अध्ययन प्रणाली, असाइनमेंट जमा करने की प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली और विश्वविद्यालय से उपलब्ध करवाई जाने वाली शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को आगामी शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन सामग्री प्राप्त करने की लॉगिन प्रक्रिया, ई-ज्ञानकोष और अन्य डिजिटल अध्ययन संसाधनों के प्रभावी उपयोग के बारे में भी अवगत करवाया। साथ ही विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया गया। परिचय सभा का आयोजन अध्ययन केंद्र समन्वयक डॉ. राय सिंह की अध्यक्षता में किया गया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली विद्यार्थियों को लचीले ढंग से उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय पर असाइनमेंट जमा करने और डिजिटल संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान किया।