स्नातकोतर डिप्लोमा शुरू, अभ्यर्थी इग्नू की वेबसाइट से ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन, विद्यार्थियों के लिए स्टार्ट अप प्रतियोगिता का किया जा रहा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय रामपुर इग्नू सेंटर ने सत्र 2024 से श्रीमद्भगवद्गीता अध्ययन और आपदा प्रबंधन जोखिम न्यूनीकरण में स्नातकोत्तर डिप्लोमा शुरू कर दिया है। अब अभ्यर्थी श्रीमद्भगवद्गीता अध्ययन और आपदा प्रबंधन जोखिम न्यूनीकरण में स्नातकोतर डिप्लोमा की पढ़ाई कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रवेश ले सकते हैं। इग्नू स्टडी सेंटर 1110 रामपुर के समन्वयक डॉ. टीडी वर्मा ने जारी बयान में कहा कि केंद्र सरकार के विजन विकसित भारत 2047 को ध्यान में रखते हुए इग्नू में पंजीकृत विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों के लिए स्टार्टअप प्रतियोगिता 2024 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के लिए इग्नू की वेबसाइट से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2024 है। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को दस हजार, सात हजार और पांच की राशि देकर पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में आवेदनों का ध्यान आत्मनिर्भर भारत पर केंद्रित होना चाहिए, जिसका उद्देश्य देश में स्टार्ट कप संस्कृति को प्रोत्साहित करना, उसका समर्थन करना और पोषण करना है। इग्नू ने जून सत्र 2024 के लिए पुन: पंजीकरण की तिथि को 30 जून से बढ़ाकर 15 जुलाई कर दी है। पहले से पंजीकृत विद्यार्थी जिन्होंने अभी तक अपना पुन: पंजीकरण नहीं करवाया है, वे छात्र 15 जुलाई से पहले अपना पुन: पंजीकरण कर सकते हैं। इग्नू समन्वयक डॉ. टीडी वर्मा ने कहा कि इग्नू से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इग्नू स्टडी सेंटर 1110 रामपुर, महाविद्यालय रामपुर और इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं।