कोविड नियमों की अवहेलना की तो होगी आठ दिन की जेल
कोरोना कर्फ्यू का कड़ाई से पालन करें लोग : एसपी
सांगला में पुलिस के 21 जवान दिन रात करेंगे निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। जिले के कामरू, कुप्पा, सांगला और थैमगारंग पंचायत में लगातार बढ़ रहे कोरोना मामलों के देखते हुए उक्त पंचायतों को आगामी आदेशों तक कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। ऐसे में कोरोना महामारी के नियमों का सख्ती से पालना हो रही है या नहीं, इसके लिए सांगला पुलिस के करीब 21 जवान दिन रात निगरानी करेंगे।
स्थानीय बाजार सांगला में पुलिस गुमटी के पास पुलिस थाना सांगला से एएसआई विजय कुमार की अगुवाई में पुलिस जवान शिफ्टों में दिन रात जान की परवाह किए बिना अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं शुक्रवार को सांगला में थाना प्रभारी मोहन सिंह, एएसआई तिलक राज कायथ, आरक्षी मोहित और महिला आरक्षी अंजलि नेगी की स्पेशल निरीक्षण टीम ने कंटेनमेंट जोन सांगला में दो मामले सामाजिक दूरी की पालना न करने पर 1000 रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही दोबारा ऐसी गलती न करने की हिदायत देकर छोड़ा। वहीं, थैंमगारंग पंचायत के बोनिंगसारिग में भी बिना मास्क के एक व्यक्ति का चालान कर 500 रुपये जुर्माना वसूल कर सख्त हिदायत दी है।
उधर, एसपी किन्नौर एसआर राणा ने कहा कि जिले में कोविड-19 नियमों की अवहेलना करने वाले लोगों पर सख्ती से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बार-बार अनसुना करने वाले लोगों को 8 दिन की जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है या फिर 5000 तक जुर्माना भी वसूला जा सकता है। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की है कि इस संकटकाल के दौरान अपनी, जिला, प्रदेश और देश की सुरक्षा में सहयोग करने के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।