पर्यटकों की सहायता के लिए क्यूआरटी रहेगी तैनात, आपातकाल में 112 पर तुरंत मिलेगी मदद
सड़क या सार्वजनिक स्थल पर शराब व नशा करने पर होगी सख्त कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। जनजातीय जिला किन्नौर में नव वर्ष के जश्न के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और हुड़दंग मचाने वालों से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। नववर्ष के जश्न के दौरान सड़क या सार्वजनिक स्थल पर शराब आदि नशा करने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। साथ ही विभिन्न पर्यटक स्थलों पर क्यूआरटी तैनात रहेगी। पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने कहा कि नव वर्ष के जश्न के लिए किन्नौर में देश-विदेश से पर्यटक पहुंच रहे हैं। सुरक्षा संबंध में कुछ गाइडलाइन है, जिनका सभी को पालन करना है। यदि किसी को आपात स्थिति का सामान करना पड़ता है, तो वह 112 पर संपर्क करके मदद ले सकता है। पांच मिनट पर कॉल पर एक्शन लिया जाएगा। किन्नौर में पहाड़ी रास्ते हैं। उन पर ड्राइव करते समय सावधानी बरतें। रात के समय सफर न करें और बाहर भी कम से कम रहें। सड़क पर शराब व अन्य किसी मादक पदार्थ का सेवन न करें अन्यथा पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। पर्यटकों और नागरिकों की सुरक्षा के लिए विभिन्न जगहों पर क्यूआरटी तैनात रहेंगी। पुलिस थानों में भी ट्रेंड जवान तैनात हैं। वह किसी भी आपातकाल में एक्शन लेने के लिए तैयार हैं। नए साल के जश्न के लिए किन्नौर के कल्पा, सांगला, रिकांगपिओ में होटलों में एडवांस बुकिंग हो रही है। नए साल के जश्न के लिए भारी संख्या में पर्यटकों की पहुंचने की उम्मीद है। इसी के चलते पुलिस विभाग ने कमर कस ली है।