. निगम की बसें न चलने से स्कूली बच्चे सहित चार पंचायतों के हजारों लोग परेशान
. ग्रामीणों ने प्रशासन और निगम प्रबंधन से बस सेवा बहाल करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। चालक और परिचालक को धमकाने की घटना के बाद से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के रामपुर-खोलीघाट और रामपुर-बागी बस रूट बंद कर दिए गए हैं। निगम की बसें न चलने से स्कूली बच्चों समेत चार पंचायतों के ग्रामीणों को आवाजाही के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और निगम प्रबंधन से जल्द बस सेवा बहाल करने की मांग उठाई है। हाल ही में ननखड़ी के खड़ाहण में निगम की बस के चालक और परिचालक को कुल्हाड़ी से धमकाने का मामला पेश आया था। इस घटना के कारण इन दो रूटों पर बस सेवा नहीं चल पा रही है। परिवर्तन शिक्षा एवं विकास संस्था के अध्यक्ष राजेश खुंद ने बताया कि चालक और परिचालक के साथ जो घटना हुई है, वह निंदनीय है। हम उनका समर्थन करते हैं। लोगों का कहना है कि अब आरोपी को पकड़ लिया गया है। कानून उसपर कार्रवाई करेगा और इस घटना की जांच करेगा। दोबारा ऐसी घटना क्षेत्र में न हो ऐसी लोगों से अपील करते हैं। डीडी शर्मा, हेमराज, मनमोहन, नारायण खुंद और साहिब सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने परिवहन निगम रामपुर से दोनों रूटों पर जल्द बस चलाने की मांग की है, ताकि लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक रामपुर उमेश ठाकुर ने कहा कि अस्थायी रूट जल्द ही चलाया जाएगा, ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।