नायब तहसीलदार के माध्यम से एसडीएम को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
उपमंडल रामपुर के दुर्गम 15/20 क्षेत्र में बरसात के दौरान जुलाई में आपदा ने भारी कहर बरपाया था। आपदा के तीन महीने बाद भी यहां राहत कार्य शुरू न होने पर ग्रामीणों में भारी रोष है। यहां हजारों लोगों की दुश्वारियां थम नहीं रही हैं। छह पंचायतों का जिला और रामपुर उपमंडल से सड़क संपर्क कटा हुआ है। यातायात व्यवस्था और मूलभूत सुविधाएं ग्रामीणों से कोसों दूर हो गई हैं। राहत कार्यों में हो रही देरी और अव्यवस्था को देख छह पंचायतों के ग्रामीण अब मुखर हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। सात दिन में यदि यातायात को बहाल करने और राहत कार्य शुरू नहीं होते हैं, तो ग्रामीण रामपुर में आकर विरोध-प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि 17 अक्तूबर तक मांगों को पूरा नही किया गया, तो वे मजबूरन आंदोलन का रुख अपनाएंगे। रामपुर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
15/20 क्षेत्र के गानवी में जुलाई को बाढ़ से भारी नुकसान पहुंचा था। बाढ़ प्रभावित गानवी में यातायात बहाल न होने से छह पंचायतों के ग्रामीण समस्याएं झेल रहे हैं। इसे लेकर गानवी में वीरवार को बैठक हुई। अध्यक्षता पूर्व पंचायत समिति सदस्य सुभाष नेगी ने की। इसमें प्रभावित पंचायतों के लोगों ने भाग लिया। प्रभावितों ने कहा कि भारी बारिश और भूस्खलन से क्षेत्र की सड़कें, खड्डें और खेत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन प्रशासन ने अभी तक यातायात को बहाल करने और ग्रामीणों की समस्याओं को दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। बैठक के बाद वीरवार को छह पंचायतों के प्रतिनिधिमंडल ने नायब तहसीलदार के माध्यम से एसडीएम को ज्ञापन भेजा। पूर्व पंचायत समिति सदस्य सुभाष नेगी, ग्रामीण विजय सिंह, वेद प्रकाश, रविकांत, सत्य प्रकाश, गीता राम नेगी, आलोक कुमार, सुरेंद्र कुमार, पवन, किशोर, नीरज, चंद्रकांत सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि यदि प्रशासन ने इन मुद्दों पर गंभीरता से कार्य नहीं किया, तो 17 अक्तूबर को जनता आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगी।
ग्रामीणों की ये हैं मांगें
ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से छह पंचायतों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू करने की मांग उठाई है। इसके अलावा गानवी खड्ड में कलवर्ट लगाने, गानवी और जघोरी खड्डों पर डंगे लगाने, जघोरी सड़क को बहाल करने, गानवी में बाईपास सड़क का शीघ्र निर्माण करने और गानवी व रुंग्चा में बहे मकानों, जमीन और फसल के मुआवजे को तुरंत जारी करने की मांग उठाई है। प्रभावित क्षेत्रों की जमीन की निशानदेही करने और गानवी खड्ड पर पैदल पुल के निर्माण की भी मांग रखी गई।