किन्नौर के पोस्पा में दुर्घटनाग्रस्त हुई एचआरटीसी की बस। संवाद
. मझगांव से रिकांगपिओ जा रही बस का प्रेशर हुआ डाउन
. हादसे के वक्त में बस में सवार थी 10 सवारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)।
मझगांव से रिकांगपिओ जा रही एचआरटीसी की बस का अगला टायर सड़क से बाहर होकर हवा लटक गया। गनीमत यह रही कि बस नीचे सतलुज में गिरने से बच गई अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। वीरवार सुबह 7 बजे एचआरटीसी की बस रूपी के मझगांव से रिकांगपिओ के लिए निकली। रास्ते में ब्रेक का प्रेशर डाउन हो गया। ब्रेक नहीं लगने से पोस्पा नामक जगह पर एक मोड़ पर बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकल गया। हालांकि, चालक ने सूझबूझ से काम लेते हुए बस के टायरों को सड़क की ओर मोड़े रखा। इससे बस डंगे पर ही अटक गई। बस यदि नीचे सतलुज गिर जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के समय बस में करीब 10 सवारियां थीं। उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक रिकांगपिओ का कार्यभार देख रहे कार्यशाला प्रभारी राज कुमार नेगी ने बताया कि फोन के माध्यम से हादसे की सूचना मिली है। मौके पर तकनीकी टीम को भेजा गया है। जांच के बाद ही तकनीकी खराबी का सही पता चल पाएगा।