ठियोग (रामपुर बुशहर)। किशोरियों को कैंसर से बचाने के लिए सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान चलाया है। मतियाना स्वास्थ्य खंड में किशोरियों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान 4 और 5 अप्रैल चलाया जाएगा। खंड चिकत्सा अधिकारी राजेंद्र टेकटा ने बताया कि 4 अप्रैल शनिवार को छैला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बणी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और ठियोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण किया जाएगा। 5 अप्रैल रविवार को मतियाना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बणी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, छैला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और ठियोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अभियान चलाया जाएगा। दोनों दिनों में टीकाकरण का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर किशोरियों को नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर लेकर आएं ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित किया जा सके।