. एचपीएमसी ने खोले थे 20 कलेक्शन सेंटर, तीन महीने के लिए रखे थे कर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। सेब सीजन बाद एचपीएमसी में रखे गए अस्थायी कर्मचारियों को दो माह का वेतन नहीं मिला है। इस कारण कर्मचारी खासे परेशान हैं। एचपीएमसी ने करीब 20 कलेक्शन सेंटर खोले थे। टिकर, थुआ, ननखड़ी, खोलीघाट, कोटगढ़ और थानाधार सहित अन्य स्थानों पर खोले गए एसपीएमसी सेंटर में कामगारों को दो माह की पगार नहीं नहीं दी गई है। सेब सीजन के बाद एचपीएमसी में सी ग्रेड के सेब की खरीद की जाती है। इसके लिए अस्थायी कामगार तीन माह के लिए रखे जाते हैं। एचपीएमसी ने हिमाचल में करीब 256 कलेक्शन सेंटर खोले थे और हर सेंटर में एक व्यक्ति को तैनात किया था, जिसकी दिन की दिहाड़ी 452 रुपये थी, लेकिन सिर्फ एक माह का पैसा ही कामगारों को मिल पाया है। दो माह का वेतन अभी तक नहीं मिला है, जबकि उन्होंने रात को 2:00 से 3:00 बजे तक काम किया है। क्षितिज श्याम, विजय शर्मा, अरुण चौहान, विकास ठाकुर, चंदन नेगी, सुनील मेहता, अंशु मेहता, नवीन जिष्टू, वीर सिंह, सुशील मेहता, चुन्नीलाल, विक्की चौहान, राकेश चौहान, कुलदीप कुमार, संजीव कुमार और कुलदीप ठाकुर ने प्रदेश सरकार से जल्द दो माह के वेतन देने की मांग उठाई है। उधर, एचपीएमसी प्रबंधक विजय ने बताया कि इस बारे में उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।