एसडीएम रामपुर ने एक सप्ताह के भीतर केंद्रों का पुख्ता आंकड़ा पेश करने के दिए निर्देश
एमआईएस योजना के तहत हर वर्ष एचपीएमसी करता है सी ग्रेड सेब की खरीद
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने एमडीआर सडक़ों पर सेंटर खोलने की दी सलाह
बीते वर्ष रामपुर में 16 और ननखड़ी में खुले थे 15 सेब खरीद केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के सेब बहुल क्षेत्रों में इस माह के अंत तक सेब सीजन शुरू हो जाएगा। सेब सीजन के लिए बागवान, प्रशासन, ट्रांसपोर्ट, मजदूर और संबंधित विभाग कार्य योजना तैयार करने में जुट गए हैं। इस बार रामपुर और ननखड़ी में बीते वर्षों की अपेक्षा सेब उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई है। मंडी मध्यस्थता योजना के तहत खोले जाने वाले सेब खरीद केंद्रों की संख्या इस वर्ष घट सकती है।
उपमंडल रामपुर और ननखड़ी में इस वर्ष करीब 17.50 लाख सेब की पेटियों के उत्पादन का अनुमान है। एमआईएस योजना के तहत हर वर्ष रामपुर और ननखड़ी के विभिन्न क्षेत्रों में बागवानों का सी ग्रेड सेब खरीदने के लिए एचपीएमसी सेब खरीद केंद्र खोलता है। बीते वर्ष सीजन के दौरान सड़कें बंद होने के कारण और इस वर्ष कम उत्पादन को देखते हुए दोनों विकास खंडों में कम सेंटर खुलने की उम्मीद है। हालांकि एचपीएमसी सेब खरीद केंद्र खोलने को लेकर अब तक कोई अंतिम सूची जारी नहीं कर पाया है। बीते वर्ष एचपीएमसी की रामपुर शाखा की ओर से रामपुर और ननखड़ी में कुल 19 सेब कलेक्शन सेंटर खोले गए थे, जबकि जरोल टिक्कर शाखा की ओर से कुल 12 सेंटर ननखड़ी क्षेत्र के बागवानों की सुविधा के लिए खोले थे। इस बार कयास लगाए जा रहे हैं कि सेब कलेक्शन सेंटर करीब 15 किलोमीटर के दायरे में खोले जाएं, लेकिन एचपीएमसी की अंतिम सूची के बाद ही इसका सही आंकड़ा सामने आ पाएगा।
10 जुलाई को हुई बैठक में एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने एचपीएमसी प्रबंधन को जल्द से जल्द कलेक्शन सेंटरों को खोलने और इसकी सूची जल्द जारी करने के निर्देश दिए। बीते वर्ष भारी बरसात और ग्रामीण सड़कें बंद होने के कारण बागवानों का सी ग्रेड सेब कई स्थानों से नहीं उठ पाया था। इसे देखते हुए एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने सुझाया है कि सेब खरीद केंद्र एमडीआर (मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड) पर खोले जाएं, ताकि बागवानों की उत्पाद न सड़े। उन्होंने एचपीएमसी प्रबंधन को एक सप्ताह के भीतर सेब कलेक्शन सेंटरों की संख्या और स्थान बारे विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
एचपीएमसी रामपुर के शाखा प्रबंधक रोहित शर्मा ने बताया कि रामपुर में सेब खरीद केंद्र खोलने बार अब तक प्रबंधन की ओर से अधिसूचना जारी नहीं हुई है। जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी होगी। उन्होंने बताया कि बीते वर्ष रामपुर और निरमंड में शाखा की ओर से कुल 26 सेंटर खोले गए थे।