आनी के बागवानों से बागवानी विभाग ने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू )। आनी क्षेत्र के बागवानों से उद्यान विभाग ने सेब की नई पौध की मांग समय पर भेजने का आग्रह किया है। उद्यान विभाग आनी के विषय विशेषज्ञ डॉ. बलवीर चौहान ने बताया कि बागवान यदि अपनी मांग जल्द विभाग को भेज देंगे, तो विभाग उसी के अनुसार उच्च गुणवत्ता वाली पौध की व्यवस्था करेगा। उन्होंने कहा कि यह मांग रूट स्टॉक पर आधारित होगी। इसमें विभिन्न किस्मों के पौधे उपलब्ध करवाए जाएंगे। बलवीर चौहान ने बताया कि रूट स्टॉक पर तैयार सेब की पौध की कीमत 450 रुपये प्रति पौधा है। इन पौधों को इटली से मंगवाया गया है। वहीं, स्थानीय पौधों की कीमत इससे कम रहती है। उन्होंने कहा कि बागवान सेब के साथ अन्य फलदार पौधों जैसे नाशपाती, प्लम, खुमानी, चेरी आदि की मांग भी समय पर दर्ज करवाएं ताकि विभाग उनकी आवश्यकता के अनुसार पौधा उपलब्ध करवा सके। विभाग का उद्देश्य बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण पौधों को बढ़ावा देना है, जिससे बागवानों की पैदावार और आय दोनों में इजाफा हो सके।