प्रदर्शनी के दो दिनों में हुआ 187 अश्वों का पंजीकरण
विज्ञापन
किसान गोष्ठी में कई क्षेत्रों से आए अश्व पालक को किया प्रशिक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य में लगी अश्व प्रदर्शनी के दूसरे दिन में घोड़ों की खरीद-फरोख्त हुई। दो दिन में 187 घोड़ों का पंजीकरण हो चुका है। उत्तराखंड, कुल्लू और साथ लगते क्षेत्रों से लोग प्रदर्शनी में घोड़ों की खरीद कर रहे हैं। रविवार को चार घोड़ों की खरीदारी हुई। सबसे महंगा चामुर्थी घोड़ा 84 हजार रुपये का बिका है। पिन वैली के छेरिंग टंडुप से उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के देवेंद्र ने यह घोड़ा खरीदा। टंडुप का दूसरा घोड़ा 77 हजार और तीसरा घोड़ा 65 हजार रुपये में बिका। रामपुर के पाटबंगला मैदान में चल रही तीन दिवसीय अश्व प्रदर्शनी का दर्शक भरपूर आनंद ले रहे हैं। प्रदर्शनी में पहले दिन 65 अश्वों का पंजीकरण हुआ था। रविवार को दूसरे दिन सुबह 9:00 बजे पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हुई। दोपहर 1:00 बजे तक कुल 187 घोड़ों का पंजीकरण किया गया। भारतीय सेना, रिमाउंट वेटनरी कॉप्र्स और 22 मोबाइल अवेरी पट्टी ने घोड़ों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए एक उपचार शिविर लगाया है। ब्रुक्स इंडिया लिमिटेड ने भी स्वास्थ्य उपकरणों और दवाइयों से संबंधित शिविर लगाया। पूर्वाहन 11:30 बजे अश्व पालकों के लिए पशु पालन विभाग ने किसान गोष्ठी आयोजन किया। इस गोष्ठी में अश्व पालकों को घोड़ों के खान-पान, देख-रेख और स्वास्थ्य जांच संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
शिविर में डॉ. समर चौहान, डॉ. चंदन राणा, भारतीय सेना की अवेरी पट्टी से आए शशांक शुक्ला ने घोड़ों के उचित प्रबंधन और बीमारियों से रोकथाम के बारे में जानकारी दी। इसके बाद ब्रुक्स इंडिया ने घोड़ों की नाल और खुर को सही प्रकार से रखने के बारे में लाइव डेमोंस्ट्रेशन दिया। अश्व पालकों को 100 चिकित्सा किटें भी वितरित की गईं। किसान गोष्ठी में पिन वैली, भावावैली, किन्नौर, सराहन, भद्राश, घराट और आनी क्षेत्र से आए अश्व पालकों ने भाग लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल चौहान, डॉ. अनिल शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
पाटबंगला मैदान में सोमवार को घुड़दौड़ और गुब्बारा फोड़ प्रतियोगिताएं करवाईं जा रही हैं। लवी मेले से पूर्व लोगों को इसका खासा इंतजार रहता है। सोमवार पूर्वाहन 11 बजे से सर्वश्रेष्ठ घोड़े की चयन प्रक्रिया शुरू होगी। अपराह्न 3 बजे से घुड़दौड़ प्रतियोगिता शुरू होगी। समापन पर सातवें वित्त आयोग अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल बतौर मुख्यातिथि मौजूद होंगे। मुख्यातिथि विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और नकद राशि से सम्मानित करेंगे।
पाटबंगला मैदान में आयोजित किसान गोष्ठी में अश्व पालकों को किया जागरूक। संवाद
पाटबंगला मैदान में आयोजित किसान गोष्ठी में अश्व पालकों को किया जागरूक। संवाद